कैथल में सीवन थाना क्षेत्रांतर्गत एक गांव में 50 वर्षीय महिला से मारपीट करने और उसके कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। तीन आरोपियों पर महिला से मारपीट करने का आरोप है। इस संबंध में पीड़ित महिला ने सीवन थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 सितंबर की शाम के समय वह अपने घर पर अकेली थी। परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे। इसी दौरान सौरभ नाम का लड़का उनके घर में घुस गया।
कपड़े भी फाड़ दिए
आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी करते हुए कपड़े फाड़ दिए और मारपीट की। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया। शोर मचाने पर आरोपी के माता व पिता भी मौके पर आ गए। उन्होंने भी उसके साथ मारपीट की। बाद में लोगों को आता देख तीनों वहां से भाग गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सीवन थाना की जांच अधिकारी सुनील देवी ने बताया कि पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
