हरियाणा में 18 दिन बाद बदला मौसम:करनाल में अचानक बारिश हुई, 4 जिलों में अलर्ट; मानसून की विदाई के बाद दिन गर्म हुए

Spread the love

हरियाणा में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद करनाल में बारिश हुई। यह बारिश करीब 18 दिन बाद हुई है। प्रदेश में आखिरी बार 11 सितंबर को बारिश हुई थी, जिसके बाद 24 सितंबर को मानसून लौट गया था।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, फिलहाल चारों ही जिलों में मौसम साफ बना हुआ है।

बारिश न होने की वजह से राज्य के अधिकतर जिलों का तापमान 35 डिग्री से ऊपर चला गया था, जिससे दिन में गर्मी महसूस होने लगी थी।

अब मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवा चलेगी, जिससे रात का तापमान गिरने के साथ ठंडक का एहसास होने लगेगा।

अरब सागर में दबाव के कारण हवाओं का रुख बदला हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अरब सागर में दबाव का क्षेत्र बनने से हवाओं में बदलाव की संभावना है। इसके चलते हरियाणा में मौसम आमतौर पर 3 अक्टूबर तक परिवर्तनशील रहने तथा बीच-बीच में आंशिक बादल रहने की संभावना है।

2 दिन बारिश-बूंदाबांदी की संभावना खीचड़ ने आगे कहा कि अरब सागर से नमी वाली हवाएं आने से दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों में 29 और 30 सितंबर को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इसके इस दौरान हवाओं में बदलाव तथा उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।

See also  करनाल से पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद:विधानसभा अध्यक्ष ने दी एक माह की सैलरी, बीजेपी ने भेजी दो ट्रक राहत सामग्री

मानसून सीजन में 568 एमएम बारिश हुई हरियाणा में 1 जून से 24 सितंबर तक लगभग 114 दिनों तक मानसून सक्रिय रहा। इस दौरान प्रदेश में 568 एमएम बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 409.07 एमएम होती है। इस पूरे सीजन में सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1116.5 एमएम दर्ज की गई, जबकि सबसे कम बारिश सिरसा में 346.6 एमएम दर्ज की गई।

अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम

  • 30 सितंबर: नूंह, पलवल, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ में कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। इनके अलावा बाकी सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा।
  • 1 अक्टूबर: किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सभी जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
  • 2 अक्टूबर: सभी जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *