बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले हरियाणा के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर कर दिए गए। हरियाणा STF, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और UP की STF ने गाजियाबाद में बुधवार शाम को इनका एनकाउंटर किया।
बदमाशों की पहचान रविंद्र निवासी गांव काहनी (रोहतक) और अरुण निवासी मयूर विहार (सोनीपत) के रूप में हुई। ये रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के गैंग के थे। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम था।
STF नोएडा के मुताबिक, बुधवार की शाम करीब 7.22 बजे पर गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी एरिया में चेकिंग कर रहे थे। दो लड़के बाइक पर दिखे, जो चेकिंग देखकर भाग रहे थे। पीछा करने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। एक एक गोली टीम के जवान को लगी। पुलिस जीप पर भी 3 गन शॉट लगे।
टीम ने खुद को बचाते हुए बदमाशों पर फायरिंग की। गोली लगने से अरुण और रविंद्र घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके से ग्लॉक, जिगाना पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं। एक सफेद अपाचे मिली है। माना जा रहा है कि यही वो बाइक है, जिस पर वह बदमाश बरेली आए और फायरिंग करके वापस लौट गए थे।
STF के अनुसार, दोनों बदमाश CCTV में कैद हुए थे। दिशा पाटनी के घर फायरिंग करते वक्त अरुण सफेद शर्ट पहने था, रविंद्र नीले रंग की टीशर्ट में था। अरुण और रविंद्र पेशेवर शूटर थे।
रविंद्र पर हरियाणा में 5 केस ADG अमिताभ यश ने बताया, रविंद्र के खिलाफ हरियाणा के अलग-अलग थानों में 5 केस दर्ज हैं। रविंद्र ने 20 दिसंबर, 2024 को फतेहाबाद में पुलिस स्कार्ट पर हमला करके अपराधी रवि जागसी को छुड़ाने की कोशिश में भी शामिल था। अरुण के खिलाफ जो भी केस हैं, उनका पता किया जा रहा है।
फायरिंग के वक्त मुंबई में थीं एक्ट्रेस 12 सितंबर की सुबह 3.30 बजे यूपी के बरेली में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग हुई थी। बाइक से आए 2 बदमाशों ने ताबड़तोड़ 2 राउंड फायरिंग की। इसके बाद फरार हो गए।
फायरिंग के वक्त घर में दिशा की बहन और पूर्व आर्मी अफसर खुशबू पाटनी, पिता रिटायर्ड DSP जगदीश पाटनी, मां पद्मा पाटनी मौजूद थीं। गोली चलने की आवाज सुनकर सभी सहम गए। दिशा पाटनी मुंबई में थीं।
जगदीश ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस को घर के बाहर से 2 खाली कारतूस बरामद हुए। फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली। फेसबुक पोस्ट में लिखा- संत प्रेमानंद महाराज और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज पर टिप्पणी से नाराज होकर फायरिंग को अंजाम दिया गया है। यह सिर्फ एक ट्रेलर है। अगली बार ऐसी हरकत दोहराई गई तो किसी को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।
अब जानिए रोहित गोदारा गैंग क्यों नाराज?
खुशबू पाटनी ने कहा था- अनिरुद्धाचार्य का मुंह तोड़ दूंगी 30 जुलाई को दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने एक वीडियो जारी किया था। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिव-इन-रिलेशनशिप वाले बयान पर खुशबू ने कहा- ऐसे लोगों का तो मैं मुंह तोड़ दूंगी। अगर ये शख्स मेरे सामने होता तो मैं इसे अच्छे से समझा देती कि ‘मुंह मारना’ क्या होता है।
इसे राष्ट्र विरोधी कहने में मुझे कोई हिचक नहीं। जिस इंसान की सोच इतनी घटिया हो, उसे मंच मिलना ही नहीं चाहिए। खुशबू पाटनी ने सवाल उठाया- अगर कोई लिव-इन में है तो क्या लड़की अकेली है? क्या लड़के शामिल नहीं होते?
