करनाल के जिला सचिवालय के बाहर नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने जोरदार प्रदर्शन किया। संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर जमकर आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद संघ ने जिला उपायुक्त के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगरपालिका कर्मचारी संघ लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहा है, लेकिन सरकार अपनी कुंभकरण जैसी नींद से जागने का नाम नहीं ले रही।
कौशल रोजगार योजना पर उठाए सवाल
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि आज नगरपालिका कर्मचारियों में अधिकांश एचकेआरएन या कौशल रोजगार के तहत हैं। जबकि पक्के कर्मचारियों की संख्या बहुत कम है। जब सरकार ने कौशल रोजगार योजना बनाई थी, तब से ही संघ ने इसका विरोध किया था। बावजूद इसके योजना लागू की गई और अब हालात यह हैं कि कौशल के कर्मचारियों को हटाया जा रहा है। आरोप लगाया गया कि सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को कच्चा रखने का पक्का इंतजाम कर दिया है।

समझौतों को लागू नहीं कर रही सरकार
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी मंत्री विपुल गोयल से भी बात हुई थी और पहले भी सरकार के साथ समझौते हुए हैं। मगर आज तक सरकार ने उन समझौतों को लागू नहीं किया। उनका कहना है कि एक तरफ सरकार चाहती है कि शहरों में सफाई हो, लेकिन कर्मचारियों के पास पर्याप्त संसाधन तक उपलब्ध नहीं कराए जाते।
उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ तो स्वच्छता अभियान पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, दूसरी ओर सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारी लगातार आंदोलन करने को मजबूर हैं।
