अमेरिका में हरियाणा के कैथल के युवक विकास का मौत से पहले का वीडियो सामने आया है। उसने रोते हुए अपनी पत्नी संगीता से वापस आने की गुहार लगाई थी। वीडियो में विकास कह रहा है कि यह दुनिया मुझे ताने मारती है, तू वापस आजा संगीता। मुझे फांसी लगा दे, जहर दे दे लेकिन ऐसे छोड़कर मत जा।
2 सितंबर को विकास की मौत हुई थी। इसके बाद 12 सितंबर को विकास का शव अमेरिका से भारत लाया गया था। जिसके बाद कैथल स्थित पैतृक गांव कौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। विकास की मां और बेटी भी अमेरिका से भारत लौट आई हैं। बेटी को उसकी दादी को सौंप दिया गया है।
तीन साल पहले 80 लाख रुपए खर्च कर विकास अपनी पत्नी और बेटी के साथ अमेरिका गया था। विकास की मां ने पुत्रवधू संगीता और उसके बॉयफ्रेंड पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मां ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया। इसको लेकर अमेरिका में पंचायत भी हुई थी।
मौत से पहले के VIDEO में विकास की 4 अहम बातें…
- किसी के पास जाकर क्यों बैठी है: वीडियो में विकास ने कहा कि ये तो बता दे क्यों बैठी है किसी के पास जाकर। इतना कोई रोता है तो रहम कर लेते हैं। कम से कम बेटी से तो बात करवा दे मेरी। मुझे क्यों अपना दुश्मन बना लिया तूने। बेशक मेरे मुंह पर थप्पड़ मार ले, फांसी लटका दे, जहर दे दे। लेकिन वापिस आजा संगीता, छोड़ के मत जा।
- मैं मर जाऊंगा संगीता, वापस आजा: विकास ने आग कहा मैं मर जाऊंगा संगीता। कितने दिन जी सकता हूं। बदनामी कर दी तूने। कितने दिन छिप के जी सकता हूं। सबको पता लग गया कि तू किसी और के पास चली गई। कहां जाऊंगा अब। मेरा कोई ठिकाना नहीं है। वापस आजा संगीता कुछ नहीं कहूंगा तुझे सारी उम्र। बस मेरा घर बसा दे।
- लास्ट मौका दे दे संगीता, दुनिया जालिम है: युवक ने कहा कि मुझे लास्ट मौका दे दे संगीता। तू जिसके साथ है, जहां भी है, कोई बात नहीं, हो गई गलती तुझसे मैं कुछ नहीं कहता। लगता मैंने ही अमेरिका आकर गलती कर दी। ये दुनिया जालिम है, इज्जत से खेलती है, यूज करती है, तुझे सब पता है। वापस आजा संगीता।
- मेरे मरने के बाद भी तो आएगी: विकास ने आगे कहा इस दुनिया का मुंह बंद कर दे संगीता कि मैं वापस आ गई। मुझे कोई मुंह नहीं लगाता। मैं मर जाऊंगा संगीता। तू फेर भी तो आएगी।
अब पढ़िए हरियाणवी में युवक ने क्या कहा…
न्यू तो बता दें क्यूं बैठी किसी के बार (दरवाजे) में तो। इतना कोई रौवा थोड़ा रहम तो करले किसी पा।
हाय मेरी जाकती के गेल्या (साथ) बात करवा दे। मैं क्यों दुश्मन बणा दिया इतना।
मेरे मुंह पे थप्पड़ मार ले इसता बढ़िया। मने फांसी टांग दे।
मने जहर दे दे। लेकिन न्यू छोड़ का ना जावा संगीता।
मैं मरूंगा संगीता, क्या दिन जिऊंगा मरूंगा मुंह लको का।
सबना पता लग गया, लोग हांसी लावा। कड़ा जाऊंगा, मेरा कोई ठिकाणा कोनी।
आजा अपने घर आजा लाडे। कुछ नहीं कहता सारी उम्र भी। बस मेरा कोठड़ा बसा दे।
मने लास्ट बार मौका दे दे संगीता, तू जड़ा भी किसके गेल्या है, बस बस घर आजा।
मना कितनी बड़ी गलती करदी अमेरिका आकर। लाडे किसी की बातो म्ह न आवा, कोई नहीं किसी का हौंदा।
इज्जत गेल्या खेल का छोड़ा लोग। तने पता, अपने घर आजा संगीता अपनी छोरी न लेके। दुनिया का मुंह बंद होजेगा।
कोई नहीं मुंह लांदा मना संगीता। मैं मरजूंगा संगीता, फेर भी तो आएगी।
बेटे की मौत पर विकास की मां की 5 अहम बातें…
- 3 साल पहले अमेरिका गया, होटल में लगी जॉब: विकास की मां कृष्ण देवी ने वीडियो में बताया कि उसका बेटा 3 साल पहले अपनी पत्नी संगीता और बेटी के साथ बेहतर भविष्य के लिए अमेरिका आया था। उसने इसके लिए 80 लाख रुपए खर्च किए थे। शुरुआत में अमेरिका पहुंचने के बाद वह छोटे-मोटे काम करता था। कुछ दिन बाद विकास ने एक होटल में काम करना शुरू कर दिया था।
- कैथल के 2 युवकों से दोस्ती, घर आते थे: मां ने आगे बताया कि होटल में काम करते वक्त विकास की मुलाकात हरियाणा के कैथल जिले के पुंडरी हलका क्षेत्र के गांव फतेहपुर के सोनू और राहड़ा के गांव गुरमीत से हुई। हरियाणा के होने की वजह से ही दोनों ने उसकी अच्छी दोस्ती हो गई। घर आना-जाना हो गया। मां ने बताया कि सोनू, बेटे विकास की पत्नी को अपनी बहन कहता था, उससे राखी भी बंधवाता था।
दोनों युवक पत्नी और बेटी को भगा ले गए: मां के मुताबिक, विकास और उसकी पत्नी एक साल तक सामान्य जीवन जी रहे थे। करीब डेढ़ साल पहले एक दिन विकास होटल गया था, पीछे से सोनू और गुरमीत मिलकर विकास की पत्नी और बेटी को अपने साथ ले गया। जब बेटा काम से लौटा तो पता चला कि पत्नी और बेटी सोनू के पास हैं और वहीं रहना चाहते हैं। पूछने पर पता चला कि पत्नी का सोनू से अफेयर चल रहा था। उसने राखी बांधने वाली बात पूछी तो दोनों ने उसे धमकी दी कि अब वह उनकी जिंदगी में दखल न दे।
- बेटा परेशान रहने लगा, मां को भी अमेरिका बुलाया: मां ने आगे बताया कि पत्नी और बेटी के चले जाने से विकास काफी परेशान रहने लगा। वह पुलिस के पास भी गया। बेटी को अपने पास लाने के लिए कोर्ट में भी गया। जब ज्यादा परेशान हो गया तो उसने मुझे बुला लिया। 17 लाख रुपए खर्च कर मैं भी अमेरिका पहुंच गई। उसने भी बेटे की पत्नी से बात की, लेकिन वह वापस लौटने को राजी नहीं हुई।
- बेटे पर किया हमला, अस्पताल में दम तोड़ा: मां ने आरोप लगाया कि विकास अपनी बेटी को पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। इस पर सोनू उन्हें जान से मारने की धमकियां देता था। आरोप है कि एक दिन तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पता चलने पर बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 9 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझते रहा और अंत में उसने दम तोड़ दिया। मां ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विकास ने पहले लगाई थी इंसाफ की गुहार..
- मेरी वाइफ को बहन बोलता था, राखी भी बंधवाता था : जब सोनू विकास की पत्नी और बेटी को ले गया था, उस वक्त विकास ने भी वीडियो जारी कर बिरादरी के लोगों से न्याय दिलाने की गुहार लगाई थी। विकास ने वीडियो में बिताया था कि मेरे वाइफ को ये बहन बोलता था, राखी बंधवाता था, मेरी गुड़िया सोनू फतेहपुर को मामा कहती थी। आज रक्षाबंधन है, मैं राखी बंधवाने आया हूं, भांजी से मिलने आया हूं, यह कहकर घर आता था। वाइफ को काम दिलवाने का भरोसा देता था।
- ये लड़का इंसान नहीं, भेड़िया है, मुझे न्याय दिलाए : वीडियो में विकास ने आगे कहा था कि समस्त रोड बिरादरी से हाथ जोड़कर कहता हूं कि ये लड़का इंसान नहीं है। इंसान की शक्त में भेड़िया है, राक्षस है। मैं रोड समाज के लोगों से विनती करता हूं कि मेरा साथ दे। आदरणीय विधायक सतपाल जांबा जी, बड़े भाई बिंटू जौली जी, जो समाजसेवी है, हमारे रोड बिरादरी के प्रधान नसीब कारसा जी, हरविंदर कल्याणी जी स्पीकर, पूर्व सरपंच चौधरी श्याम सुंदर, वर्तमान सरपंच नरेश जी, हाथ जोड़कर यही विनती करता हूं कि मुझे न्याय दिलाए।
- अपने मां-बाप को भी फोन पर गाली देता था : विकास ने आगे बताया था कि मैं यहां न्यूयॉर्क में परेशान हूं, मेरी बच्ची अपनी दादी से मिलने के लिए बेचैन है, इस इंसान ने मेरा अच्छा खेलता परिवार उजाड़ दिया। ये इंसान न तो किसी का यार दोस्त है और ना ही बेटा। अपने मां-बाप को भी दारू पीकर फोन पर गालियां देता हैं। उल्टी सीधे हरकते करता हैं। इनका एक पूरा ग्रुप है, कासिक लोढ़ा और सोनू फतेहपुर का, ये फ्रॉड है। आज तक इन्होंने किसी लड़की की शादी नहीं कराई। यूट्यूब पर फेमस होने के लिए दोनों की सोची समझी साजिश है। रोड बिरादरी से हाथ जोड़कर कर विनती है कि मुझे न्याय दिलाया जाए।
- आज न मेरे पास जमीन है न घर, बर्बाद कर दिया मुझे : विकास ने आगे कहा था कि सोनू ने मुझे बर्बाद कर दिया। मैं 80 लाख रुपए लगाकर तीन साल पहले यहां आया था। आज मेरे पास न जमीन है और न घर है। मेरा सबकुछ उजाड़ दिया। सोनू लड़का नहीं भेड़िया है। एनजीओ का जो अध्यक्ष है कासिक लोढ़ा, वो भी सोनू के साथ मिला हुआ है। आज न्यूयॉर्क में सात-सात केस है मुझ पर। झूठे केस में मुझे अंदर कराया। तीन-तीन दिन जेल काट कर आया हूं पांच बार। बार बार मुझे मेरी वाइफ अंदर करा देती है झूठे आरोप लगाकर। इन सबके पीछे सोनू ही है।
