3 बेटियों का पिता परिवार के सामने यमुना में कूदा:सांप के डसने से बच्चा मरा, कबड्‌डी खिलाड़ी यमुना में डूबा; बहादुरगढ़ में 300 गाड़ियां डूबीं

Spread the love

हरियाणा में मानसून का असर अभी खत्म नहीं हुआ। रविवार को पानीपत, फतेहाबाद और हिसार में बारिश हुई। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने शाम साढ़े 7 बजे तक के लिए नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, कैथल और अंबाला में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पलवल में दोस्तों के साथ यमुना नदी में नहाने के लिए गया कबड्डी खिलाड़ी डूब गया। अभी उसका सुराग नहीं लगा है। वहीं बहादुरगढ़ में मारुति के स्टॉक यार्ड में खड़ी 300 नई गाड़ियां डूब गईं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला, फतेहाबाद और हिसार में जलभराव वाले इलाकों का दौरा किया। जींद और हिसार में CM ने काफिला रुकवाकर लोगों से बातचीत की। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने रविवार को रोहतक के महम और कलानौर में जलभराव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। हुड्‌डा खुद ट्रैक्टर चलाकर प्रभावित इलाकों में पहुंचे।

वहीं, मारकंडा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 0.20 मीटर नीचे आ गया है। यह नदी कुरुक्षेत्र में मुश्किलें बढ़ा रही थी।

मौसम से जुड़े बड़े अपडेट्स

  • फरीदाबाद में यमुना में कूदा 3 बेटियों का पिता: फरीदाबाद के गांव मोहना में 3 बेटियों के पिता ने पानी में छलांग लगा दी। वह अपनी गाड़ी में पत्नी-बेटियों के साथ पुल पर आया था। गाड़ी को पुल पर खड़ा कर अचानक से कार से उतरकर वह पानी में कूद गया। व्यक्ति का नाम इंद्रजीत है। वह पलवल के हुड्‌डा सेक्टर-2 का रहने वाला है। उसकी 3 बेटियां है, जिनमें अशिका ( 12) , रश्मि (10) और दृष्टि (3) शामिल है।
  • हिसार में घर की छत गिरी, लड़का दबा: हिसार में बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई, जिससे 17 साल का लड़के प्रिंस घायल हो गया। यह हादसा बरवाला शहर के वार्ड नंबर 18 में हुआ। उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि उसकी हड्डियों में फ्रेक्चर हुआ है। लड़के के पिता बलवंत ने बताया कि लगातार बारिश का पानी छत और दीवारों में भर गया था। इसी कारण मकान की दीवारों में दरारें आने लगी थीं। जिसके बाद ये हादसा हो गया। हिसार में राणा माइनर भी टूटी। इसका पानी एयरपोर्ट की ओर बढ़ने लगा। इसे JCB मशीन लगाकर रोक लिया गया।
  • कुरुक्षेत्र में सांप के डसने से इकलौते बेटे की मौत: कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में सांप के डसने से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने माता-पिता के साथ सोया हुआ था। मृतक की पहचान मान सिंह निवासी गोरीपुर के रूप में हुई। मान सिंह पास सरकारी स्कूल में सेकेंड क्लास में पढ़ता था। वह इकलौता बेटा था।
  • पलवल में कबड्‌डी खिलाड़ी डूबा: दोस्तों के साथ नहाने गया कबड्‌डी खिलाड़ी यमुना में डूब गया। युवक की पहचान योगेश (25) के रूप में हुई है। वह ​​​​कुशक गांव के मंदिर के पास बने पक्के पुल पर अपने दोस्त सुनील, आजाद, रोहित और पुष्पेंद्र के साथ था। जब वह पानी में उतरने लगा तो उसके दोस्त पीछे रह गए। योगेश गहरे पानी में चला गया और अचानक डूब गया। अभी उसका सुराग नहीं लगा है।
  • सोनीपत ​​​​​​में पार्षद का जलभराव में प्रदर्शन: ​हुल्लाहेड़ी गांव में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। 200 एकड़ से अधिक फसल जलमग्न होने से किसानों में आक्रोश है। रविवार को जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि जगमाल के साथ ट्यूब लेकर 15 फुट गहरे पानी में घुसकर प्रदर्शन किया।
  • सिरसा में बांध टूटा: पनिहारी गांव में घग्गर नदी का बांध फिर से टूट गया, जिससे इसका पानी आसपास के खेतों में भर गया। अभी बांध को जोड़ने का काम किया जा रहा है।
  • CM ने पंजाब भेजी राहत सामग्री: CM नायब सैनी ने आज पंचकूला से राहत सामग्री से लदी 25 गाड़ियों को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना किया। इनमें 15 गाड़ियां पंजाब और 10 गाड़ियां हिमाचल भेजी गई हैं।
  • बहादुरगढ़ में मारुति यार्ड में 300 गाड़ियां डूबीं: बहादुरगढ़ में मुंगेशपुर ड्रेन टूटने से बहादुरगढ़ में हालात बिगड़ गए हैं। मारुति स्टॉकयार्ड में करीब 300 नई गाड़ियां पानी में डूबकर खराब हो गईं। कई गाड़ियों के अंदर तक पानी भर गया, विंडो ग्लास और एयरबैग तक खुल गए।
  • अमित शाह की मीटिंग कैंसिल: हरियाणा में होने वाली उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की मीटिंग रद्द हो गई है। इस मीटिंग की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करने वाले थे। चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी ने बताया कि मीटिंग की तैयारी पूरी कर ली गई थी। अभी केंद्र की तरफ से मीटिंग स्थगित करने का मैसेज आया है।
See also  बहू ने प्रेमी से ससुर की हत्या कराई:प्रेम संबंधों का पता चल गया था; रोने का ज्यादा नाटक करती रही तो यमुनानगर पुलिस को शक हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *